जयपुर में पहले गारमेंट फेयर का भव्य आगाज, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने किया उद्घाटन
wholesale garment fair

जयपुर में पहले गारमेंट फेयर का भव्य आगाज, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने किया उद्घाटन
जयपुर, 28 जुलाई 2025: जयपुर में रेडीमेड वस्त्रों के होलसेल व्यापार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से जयपुर होलसेल गारमेंट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘प्रथम गारमेंट फेयर’ का आज राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, झालाना डूंगरी, जे.एल.एन. मार्ग पर भव्य शुभारंभ हुआ।

इस महत्वपूर्ण आयोजन का उद्घाटन राजस्थान सरकार की उपमुख्यमंत्री श्रीमती दीया कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
जयपुर होलसेल गारमेंट्स एसोसिएशन के महामंत्री राकेश गुप्ता ने बताया कि
यह बी2बी (बिजनेस-टू-बिजनेस) आयोजन जयपुर के रेडीमेड वस्त्र होलसेल व्यापारियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और होलसेल व्यापार में जयपुर के अहम स्थान को और सुदृढ़ करेगा। उन्होंने इस आयोजन की भूमिका को सराहनीय बताया, जो व्यापारियों के लिए नए अवसर पैदा करेगा।

उद्घाटन समारोह में कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। भारतीय जनता पार्टी के शहर अध्यक्ष श्री अमित गोयल, जयपुर नगर निगम हेरिटेज की महापौर श्रीमती कुसुम यादव, फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री (FORTI) के अध्यक्ष श्री सुरेश अग्रवाल और महामंत्री श्री नरेश सिंघल ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इसके अतिरिक्त, जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष श्री सुभाष गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सुरेश बज, महामंत्री श्री सुरेश सैनी, और जयपुर गारमेंट क्लब के अध्यक्ष श्री दीपक जैन तथा महामंत्री श्री अशोक गुप्ता भी विशिष्ट एवं अति विशिष्ट अतिथियों के रूप में मौजूद रहे।
जयपुर होलसेल गारमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने बताया कि
यह गारमेंट फेयर 28 से 30 जुलाई 2025 तक चलेगा, जिसमें रेडीमेड वस्त्रों के होलसेल व्यापारी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे और नए व्यापारिक संबंध स्थापित कर सकेंगे। इस आयोजन से जयपुर के रेडीमेड वस्त्र उद्योग को नई गति मिलने की उम्मीद है।



