सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीकाकरण शिविर का सफल आयोजन
सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीकाकरण शिविर का सफल आयोजन
जयपुर, 25 मई 2025 – रामजीदास मोदानी फाउंडेशन, नरायणा-जयपुर एवं भगवान महावीर कैंसर चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशयग्रीवा कैंसर) से बचाव हेतु निःशुल्क टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में बालिकाओं एवं महिलाओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री सत्यनारायण मोदानी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर ऐसा एकमात्र कैंसर है जिसे टीके के माध्यम से रोका जा सकता है। यह रोग ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण से होता है, जिससे बचाव हेतु ‘Cervavac’ वैक्सीन दी जाती है।
कार्यक्रम में 9 से 26 वर्ष की कुल 60 बालिकाओं को किफायती दर पर टीके लगाए गए। 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को वैक्सीन के दो डोज़ एवं 14 वर्ष से अधिक आयु की युवतियों को तीन डोज़ निर्धारित हैं। दो माह पश्चात दूसरी डोज़ लगाई जाएगी।
शिविर में बी.पी., शुगर, सी.बी.सी., मेमोग्राफी (स्तन जांच), पैप स्मीयर टेस्ट (गर्भाशय जांच), एक्स-रे (फेफड़ों की जांच), सीए-125 (अंडाशय जांच) और पीएसए (प्रोस्टेट जांच) जैसी विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं।
विशेषज्ञ डॉक्टर निधि गोयल एवं डॉ. यशवर्धन ने टीकाकरण एवं कैंसर जागरूकता पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल की मार्केटिंग हेड करूणा शर्मा एवं मार्केटिंग मैनेजर संजीव कुमार ने शिविर के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
मोदानी फाउंडेशन की ओर से रमेशचंद माहेश्वरी, राज के. सोमानी, लक्ष्मीनारायण मोदानी, पुष्पकांता मोदानी, अनुराग, वेदांत, कार्तिकेय, शाश्वत मोदानी, राजेन्द्र तिवाड़ी, विष्णु असावा एवं सुलभा शारदा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग दिया।
समाज के प्रमुख सेवाभावी श्री निर्मल दरगड़, अशोक पचीसिया, नवल किशोर झंवर, राधेश्याम काबरा, रमेश भैय्या, दिनेश तोषनीवाल एवं सिमरन (सनसाइन होप समिति) की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
इस सराहनीय पहल के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और बालिकाओं को गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ है।
— रामजीदास मोदानी फाउंडेशन
अध्यक्ष: श्री सत्यनारायण मोदानी



