विशेष
चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे है न्यू एडवांस
देश विदेश

रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर कमल नाथ पहुंचे मंडला बोले- नई नौकरियां छोड़िए रिक्त पर ही भर दीजिए

 मंडला। कमल नाथ ने प्रदेश में हो रहे भ्रष्टाचारियों की गिनती करवाई। कहा कि सिर्फ चुनाव के कुछ ही महीने बाकी रहने पर प्रदेश सरकार को अपने प्रदेशवासियों की याद आ रही है। जबकि केंद्र सरकार के आंकड़े बता रहे हैं कि आदिवासियों पर अत्याचार करने में मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार सबसे आगे रही है। हर 11 महीने में शिवराज सिंह जी घोषणा करते हैं कि वह एक लाख नौकरियां देंगे। उन्होंने शिवराज सरकार से अपील की कि नई नौकरियों की बात तो छोड़िए, प्रदेश में रिक्त पड़े पदों को ही भर दीजिए। चाहे संविदा हो, अतिथि हो या अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारियों के पद। इनमें ही भर्ती करा देंगे तो लाखों बेरोजगारों को रोजगार मिल जाएगा।

रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर कमल नाथ पहुंचे मंडला

24 जून को रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ मंडला जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां पहुंचकर सबसे पहले उन्होंने रानी दुर्गावती स्मारक में माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उसके बाद सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया और उनके प्रश्नों के जवाब भी दिए। इसके तत्काल बाद में जेल ग्राउंड स्थित आयोजन स्थल की ओर रवाना हो गए।

200 यूनिट बिजली हाफ रेट पर देना चाहते हैं

कमल नाथ ने जनता से पूछते हुए कहा कि वे उन्हें रोजगार, सुरक्षा देना चाहते हैं। कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देना चाहते हैं। 100 यूनिट बिजली की माफ करना चाहते हैं, 200 यूनिट बिजली हाफ रेट पर देना चाहते हैं। पिछड़ा वर्ग को 27% आरक्षण देना चाहते हैं। क्या प्रदेश की जनता इसे स्वीकार करना चाहती है? आयोजन स्थल पर नारेबाजी करते हुए युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इन बेरोजगार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए प्रदेश की जनता को विचार करना होगा। वह अन्य प्रदेशों में जहां भी जाते हैं उन्हें मध्य प्रदेश से पलायन किए हुए युवा रोजगार करते दिखाई पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार जिले की तीनों विधानसभा सीटों से कांग्रेस को विजय दिलाएं वे उन्हें सुरक्षित भविष्य दिलाएंगे।

पत्रकार वार्ता में नई दुनिया टीम से की चर्चा

पत्रकार वार्ता के दौरान कमल नाथ ने कहा कि मंडला से उनका पुराना नाता है लेकिन मंडला की दशा को देखकर उन्हें दुख भी होता है क्योंकि यह भ्रष्टाचार-बेरोजगारों की राजधानी बन गई है। पलायन, पिछड़ेपन और माफिया की राजधानी बन गई है। मंडला जिले के लिए मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति उन्होंने दी थी लेकिन आज तक यहां मेडिकल कॉलेज बनना भी शुरू नहीं हो पाया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, कानून और अर्थव्यवस्था, सभी व्यवस्थाओं में यह प्रदेश चौपट हो चुका है।

प्रदेश में ऊपर से नीचे हर जगह भ्रष्टाचार हो रहा

उन्होंने कहा कि शिवराज भ्रष्ट नहीं यह भ्रष्ट राज है इस प्रदेश में ऊपर से नीचे हर जगह भ्रष्टाचार हो रहा है। ‘पैसे दो काम लो’, यह व्यवस्था चल रही है। हाल ही में महाकाल मंदिर में तूफान के दौरान खंडित हुई मूर्तियों को उन्होंने महाकाल घोटाले की संज्ञा दी और कहा कि जरा से तेज हवा के झोंके में वह मूर्तियां खंडित हो गई और यह सब कुछ जनता के सामने है। उन्होंने कहा कि 18 वर्षों में शिवराज सिंह चौहान ने 22 हजार घोषणाएं की हैं। यह सब जनता समझ रही है और आज प्रदेश की जनता शिवराज सिंह की सरकार को विदा करने के लिए तैयार है।

मध्य प्रदेश सरकार बताए कि दस्तावेजों का क्या दुरुपयोग हो सकता है

कांग्रेस पार्टी द्वारा घोषित किए गए नारी सम्मान योजना से संबंधित दस्तावेज निजी एजेंसियों को उपलब्ध कराए जाने पर, प्रदेश सरकार द्वारा उन के दुरुपयोग की आशंका जताए जाने के प्रश्न पर कमल नाथ ने नई दुनिया टीम से कहा कि, मध्य प्रदेश सरकार बताए कि उन दस्तावेजों का क्या दुरुपयोग हो सकता है। जब विधानसभा चुनाव के पांच छः महीने शेष रह गए हैं। तब उन्हें बहने याद आ रही हैं, किसान याद आ रहे हैं, आदिवासी याद आ रहे हैं। 18 वर्षों तक उन्हें इन सब की याद क्यों नहीं आई वे इस प्रश्न का जवाब दें। पत्रकार वार्ता को संबोधित करने के तत्काल बाद कमलनाथ जेल ग्राउंड स्थित आम सभा स्थल की ओर रवाना हो गए‌।

Related Articles

Back to top button