cancer / कैंसरgynecology महिला रोग
HPV वैक्सीन से 90% लोगों में भविष्य में कैंसर विकसित होने की संभावना समाप्त : डॉ वीणा आचार्य

HPV वैक्सीन से 90% लोगों में भविष्य में कैंसर विकसित होने की संभावना समाप्त : डॉ वीणा आचार्य
विश्व सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

जयपुर, (16 नवंबर) — विश्व सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस की पूर्व संध्या पर महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के बचाव, जांच और उपचार पर केंद्रित एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जयपुर की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. वीणा आचार्य ने सर्वाइकल कैंसर को भारत में महिलाओं के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य संकट बताते हुए कहा कि “हमारे देश में हर 8 मिनट में एक महिला सर्वाइकल कैंसर से ग्रसित होती है और कई मामलों में समय पर निदान के अभाव में उसकी मृत्यु हो जाती है।”
डॉ. आचार्य ने जोर देकर कहा कि सर्वाइकल कैंसर दुनिया का एकमात्र ऐसा कैंसर है जिसका कारण और निवारण—दोनों स्पष्ट रूप से ज्ञात हैं। उन्होंने बताया कि यह बीमारी प्रमुख रूप से ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (HPV) के संक्रमण से होती है, और सौभाग्य से इसके लिए प्रभावी वैक्सीन उपलब्ध है।
उन्होंने कहा— “भारत में उपलब्ध HPV वैक्सीन 9 से 14 वर्ष के किशोर-किशोरियों को लगाई जा सकती है और इससे लगभग 90% लोगों में भविष्य में कैंसर विकसित होने की संभावना समाप्त हो जाती है।”
कार्यक्रम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंशु पाटोदिया ने सर्वाइकल कैंसर की जांच पद्धतियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पैप स्मीयर टेस्ट एक सरल, सुरक्षित और सुलभ जांच है, जिसके माध्यम से सर्वाइकल कैंसर की पूर्व अवस्था का पता लगाया जा सकता है।
समय पर जांच और उपचार से इस बीमारी को शत-प्रतिशत रोका जा सकता है।
आयोजकों ने बताया कि यह जागरूकता अभियान पूरे सप्ताह शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों में चलेगा, जिसमें महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, जांच और उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी तथा निःशुल्क परामर्श और स्क्रीनिंग शिविर भी लगाए जाएँगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज की महिलाओं तक यह संदेश पहुँचाना है कि—
“सर्वाइकल कैंसर रोका जा सकता है, बस समय पर जांच और टीकाकरण आवश्यक है।”
संपर्क सूत्र डॉ दिनेश माथुर मो 9829061176



