जयपुर के एसआर कल्ला मेमोरियल अस्पताल में हुई हैरतअंगेज सर्जरी


जयपुर के एसआर कल्ला मेमोरियल अस्पताल में हुई हैरतअंगेज सर्जरी
युवक के पेट से निकले 7 टूथब्रश और लोहे के पाने
जयपुर। राजधानी के एसआर कल्ला मेमोरियल अस्पताल में चिकित्सा विज्ञान का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के डॉक्टरों ने एक 26 वर्षीय युवक के पेट का सफल ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई है, जिसके पेट में 7 टूथब्रश और लोहे के 2 पाने (Spanners) मौजूद थे।
भीलवाड़ा निवासी एक युवक पिछले कुछ समय से पेट में असहनीय दर्द की शिकायत कर रहा था। जब स्थिति गंभीर हुई, तो उसे जयपुर के एसआर कल्ला मेमोरियल अस्पताल लाया गया। शुरुआती जांच और सोनोग्राफी में पेट के भीतर कुछ असामान्य और बाहरी वस्तुएं दिखाई दीं, जिसने चौंका दिया।
सर्जरी की चुनौती : आमाशय की दीवार तक पहुंच गई थी नुकीली वस्तुएं
वरिष्ठ गैस्ट्रो सर्जन डॉ. तन्मय पारीक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एंडोस्कोपी करने का निर्णय लिया। एंडोस्कोपी में पुष्टि हुई कि पेट के भीतर लोहे के औजार और टूथब्रश जैसे सख्त पदार्थ मौजूद हैं।
“मरीज के पेट में मौजूद ये वस्तुएं काफी नुकीली और सख्त थीं, जो आमाशय (Stomach) की दीवार को चीरते हुए बाहर निकलने की स्थिति में थीं। यह किसी भी समय आंतरिक रक्तस्राव या अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती थीं, जिससे मरीज की जान जा सकती थी।” — डॉ. तन्मय पारीक
सफल ‘ओपन शल्य क्रिया’ और रिकवरी
मरीज की जान बचाने के लिए डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी के बजाय ‘ओपन सर्जरी’ का फैसला किया। एक जटिल ऑपरेशन के बाद मरीज के पेट से 2 लोहे के पाने और कुल 7 टूथब्रश सुरक्षित बाहर निकाले गए। इस सफल ऑपरेशन में एनेस्थेटिस्ट डॉ. आलोक वर्मा और ओटी स्टाफ कुशाल व हरेंद्र का विशेष सहयोग रहा।
संपर्क सूत्र डॉक्टर मुकेश कल्ला मो 982-905-0622
