विशेष
चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे है न्यू एडवांसमेंट्स। जयपुर में होता है असाध्य और कठिन रोगों का आधुनिकतम और नव सृजित तकनीकों से इलाज ।
धर्म-समाज-संस्था

पावरग्रिड द्वारा राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन

पावरग्रिड द्वारा राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन

प्रदेशभर के छात्रों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

 

जयपुर, 24 नवंबर 2025

पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड तथा ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE), विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में विद्यालयी छात्रों की राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सृजनात्मक अभिव्यक्ति के लिए प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता पावरग्रिड राजस्थान परियोजनाओं के प्रभारी मुख्य महाप्रबंधक श्री अभिनव वर्मा ने की और विजेताओं को पुरस्कृत भी किया।

प्रातः सत्र में प्रदेशभर के चयनित 100 प्रतिभागियों को ऊर्जा संरक्षण विषय पर स्थल पर ही विषय प्रदान किया गया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति को रंगों के माध्यम से चित्रों में उकेरा।

श्री वर्मा ने प्रदर्शित चित्रों का अवलोकन कर छात्रों की रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए कहा कि “ऊर्जा मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पावरग्रिड, बीईई के सहयोग से वर्षों से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, जिससे युवा पीढ़ी ऊर्जा संरक्षण के प्रति प्रेरित हो रही है।”

दोपहर सत्र में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ। समूह ‘ए’ (कक्षा 5–7) और समूह ‘बी’ (कक्षा 8–10) में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार क्रमशः 50,000, 30,000 और 20,000 रुपये के रूप में प्रदान किए गए। प्रत्येक समूह के दस प्रतिभागियों को 7,500 रुपये के प्रोत्साहन पुरस्कार दिए गए। सभी छात्रों को विद्युत मंत्रालय द्वारा प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

समूह ए में मानस्वी नरूका प्रथम, आकृति यादव द्वितीय और रूद्र माहेश्वरी तृतीय रहे। समूह बी में सोनम कंवर ने प्रथम, हिमांशी मोदी ने द्वितीय और अंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में आए प्रतिभागियों एवं अभिभावकों के लिए भोजन, जलपान, प्रतिभागिता किट तथा यात्रा सुविधा की समुचित व्यवस्था की गई।

पहले चरण में प्रदेश के 272 विद्यालयों के लगभग 38,000 छात्रों में से चयनित प्रतिभागियों ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई। अब दोनों श्रेणियों के विजेता छात्र दिसंबर 2025 में नई दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिसका यात्रा व आवास व्यय पावरग्रिड द्वारा वहन किया जाएगा।

यह प्रयास पावरग्रिड की ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व और सतत विकास की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Related Articles

Back to top button