नव जीवन केंद्र ने विश्व नशा मुक्ति दिवस पर मनाई अपनी 12वीं वर्षगांठ

नव जीवन केंद्र ने विश्व नशा मुक्ति दिवस पर मनाई अपनी 12वीं वर्षगांठ

जयपुर, 26 जून 2025
विश्व नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर, जयपुर स्थित नव जीवन केंद्र ने गुरुवार, 26 जून को अपनी 12वीं वर्षगांठ का भव्य आयोजन किया। यह कार्यक्रम शाम 5:30 बजे से 7:30 बजे तक घाट गेट स्थित ज्ञान दीप भवन, डायसिसन पास्टोरल सेंटर में आयोजित हुआ।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोस्ट रेव. डॉ. जोसेफ कल्लरकल, बिशप ऑफ जयपुर एवं चेयरमैन – नव जीवन केंद्र रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मोस्ट रेव. डॉ. ऑसवाल्ड जे. लुईस, एमेरिटस बिशप एवं नव जीवन केंद्र के संस्थापक उपस्थित रहे।
इस गरिमामयी आयोजन में स्वास्थ्य विशेषज्ञों, नशा मुक्ति समुदाय के सदस्यों, शुभचिंतकों एवं समाजसेवियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
नशा एक धीमा जहर
इस अवसर पर वक्ताओं ने चिंताजनक विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नशा समाज की जड़ें खोखली करता है। यह व्यक्ति की सोचने-समझने की शक्ति छीन लेता है, जिससे वह अपराध, व्यभिचार और भ्रष्टाचार जैसे घिनौने कार्यों में लिप्त हो जाता है। नशा केवल शरीर नहीं, आत्मा को भी मारता है। यह एक धीमा ज़हर है, जो सभ्यता निगल रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नव जीवन केंद्र के निदेशक रेव. फादर जॉर्जिश ब्रितो ने की, जिनके नेतृत्व में केंद्र ने अनगिनत व्यक्तियों और परिवारों को पुनः सामान्य जीवन की ओर लौटने में मदद की है।
कार्यक्रम में केंद्र की 12 वर्षों की उपचार, पुनर्वास और सामाजिक परिवर्तन की यात्रा को संक्षेप में प्रस्तुत किया गया। साथ ही नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों, सहानुभूति और संगठित हस्तक्षेप की महत्ता पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर नव जीवन केंद्र से वर्षों से जुड़े समर्पित व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मिलकर नशा मुक्त समाज की दिशा में कार्यरत रहने का संकल्प दोहराया।



