महिमा आनंद सदन’ बुजुर्गों का नया ठिकाना: अकेलेपन से मिलेगी मुक्ति, संवरेगा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य
‘महिमा आनंद सदन’ बुजुर्गों का नया ठिकाना: अकेलेपन से मिलेगी मुक्ति, संवरेगा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य
विशेष संवाददाता, जयपुर:
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और आधुनिक जीवनशैली का सबसे बड़ा असर हमारे घर के बुजुर्गों पर पड़ रहा है। कई परिवारों में बच्चे नौकरी या कारोबार के सिलसिले में दिनभर घर से बाहर रहते हैं या दूसरे शहरों/विदेशों में बस चुके हैं। ऐसे में पीछे छूटे बुजुर्गों के जीवन में एकाकीपन (अकेलापन) और निराशा की भावना घर करने लगती है। इस गंभीर और संवेदनशील सामाजिक मुद्दे को समझते हुए, आर्य समाज राजापार्क ने एक सराहनीय और अनुकरणीय कदम उठाया है।
आर्य समाज राजापार्क के कार्यकारी अध्यक्ष रवि नैयर की देखरेख में आदर्श नगर स्थित आर्य समाज परिसर में ‘महिमा आनंद सदन’ नामक एक निशुल्क वरिष्ठ नागरिक डे-केयर सेंटर स्थापित किया गया है, जिसका शुभारंभ आज शनिवार से होने जा रहा है।
एकाकीपन दूर कर बढ़ाएगा मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य
इस पहल का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों को एक ऐसा सकारात्मक माहौल देना है जहां वे दिनभर अकेले रहने के बजाय अपने हमउम्र साथियों के साथ समय बिता सकें। विशेषज्ञों का मानना है कि जब बुजुर्गों का मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, तो उसका सीधा सकारात्मक असर उनके शारीरिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है।
इस डे-केयर सेंटर में बुजुर्गों के लिए कई तरह की सुविधाएं और गतिविधियां तैयार की गई हैं:
मनोरंजन और खेल: बुजुर्गों के लिए टीवी, कैरम, और शतरंज सहित कई इनडोर गेम्स की व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ और योग: यहां नियमित रूप से योग सत्र आयोजित किए जाएंगे और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
ज्ञानवर्धन: पढ़ने के शौकीन वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक सुसज्जित लाइब्रेरी बनाई गई है।
आध्यात्मिकता का साथ :
दिनभर सकारात्मक माहौल में रहने के साथ-साथ बुजुर्ग यहां भजन-कीर्तन कर सकेंगे। इसके अलावा, शाम को आर्य समाज परिसर में होने वाले दैनिक हवन में भी वे शामिल हो सकेंगे, जिससे उन्हें आध्यात्मिक शांति मिलेगी और निराशा की भावना पूरी तरह दूर होगी।
पूर्णतः निशुल्क और सुरक्षित वातावरण
रवि नैयर ने बताया कि महिमा फाउंडेशन के सहयोग से विकसित किए गए इस केंद्र में एक समय में करीब 50 बुजुर्ग बैठकर एक्टिविटीज में भाग ले सकते हैं। इस केंद्र का संचालन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। सबसे खास बात यह है कि केंद्र की सदस्यता और सभी सुविधाएं (जिसमें एयर-कंडीशनर हॉल, चाय-नाश्ता, गार्डन और आधुनिक शौचालय शामिल हैं) पूरी तरह से निशुल्क रहेंगी।
समाज द्वारा चौतरफा प्रशंसा
आर्य समाज और रवि नैयर के इस बेहद संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण वाले कदम की पूरे समाज और प्रबुद्धजनों द्वारा खुलकर सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि यह केवल एक डे-केयर सेंटर नहीं है, बल्कि बुजुर्गों को ससम्मान और खुशहाल जीवन जीने की एक नई राह दिखाने वाला एक पवित्र प्रयास है।



