श्याम पाली क्लीनिक पर निःशुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श शिविर संपन्न

छाया रानी मेमोरियल सेवा समिति का अनुकरणीय योगदान
श्याम पाली क्लीनिक पर निःशुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श शिविर संपन्न
जयपुर, 7 सितम्बर 2025।

छाया रानी मेमोरियल सेवा समिति के सौजन्य से समिति के सचिव डॉ. सी.पी. भंडारी के जन्मदिवस के अवसर पर महादेव नगर, स्वेज फार्म स्थित श्याम पाली क्लीनिक में निःशुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रमुख नेत्र चिकित्सक डॉ. सौरभ बोथरा, नेत्र सहायक संजू मेहरा एवं प्रमोद कहार, फिजिशियन डॉ. सी.पी. भंडारी सहित कई विशेषज्ञों ने सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर में कुल 78 लोगों ने लाभ उठाया। जांच के दौरान 13 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं में 3 से 10 नंबर तक की दृष्टिदोष की समस्या सामने आई, जिनका अब तक उपचार नहीं हुआ था। डॉ. बोथरा ने कहा कि ऐसे शिविर जागरूकता का माध्यम बनते हैं, जिससे लोग समय रहते नेत्र रोगों का उपचार करवा सकते हैं।
डॉ. भंडारी ने बताया कि वर्षा ऋतु में नेत्र रोगों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए समय-समय पर जांच और परामर्श अनिवार्य है। उन्होंने कहा—“जन्मदिन जैसे अवसर पर जनसेवा से बढ़कर कोई उत्सव नहीं हो सकता।”
शिविर में डॉ. महेश अग्रवाल, डॉ. रिंकू अग्रवाल, डॉ. रेखराज चौहान, हरि सिंह जाटव व अन्य ने भी सेवाएं दीं। अंत में समिति की ओर से मेडिकल टीम एवं कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।



