भारत और थाईलैंड के बीच रत्न और आभूषण व्यापार में सहयोग को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) भी हस्ताक्षरित
JAS 2025 शो सम्पन्न

जयपुर में तीन दिवसीय JAS 2025 शो सम्पन्न, अंतरराष्ट्रीय भागीदारी और उद्योग की सक्रियता ने दिलाया वैश्विक मंच पर स्थान
जयपुर, 6 जुलाई 2025


ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय JAS – द प्रीमियम B2B शो 2025 का समापन रविवार, 6 जुलाई को जयपुर के सीतापुरा स्थित नोवोटेल कन्वेंशन सेंटर में भव्य सफलता के साथ हुआ। देश-विदेश से आए दिग्गज ज्वैलर्स, रिटेलर्स, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी रही।
4 से 6 जुलाई तक चले इस शो का उद्घाटन राजस्थान की उपमुख्यमंत्री राजकुमारी दिया कुमारी और टाइटन कंपनी (तनिष्क) के प्रबंध निदेशक सी. के. वेंकटरमण की उपस्थिति में हुआ। उद्घाटन के अवसर पर ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर की आधिकारिक पत्रिका जेम वर्ल्ड का विमोचन किया गया। इसी दौरान भारत और थाईलैंड के बीच रत्न और आभूषण व्यापार में सहयोग को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) भी हस्ताक्षरित किया गया, जिससे व्यापारिक प्रक्रियाएं सरल होंगी और द्विपक्षीय संबंध मजबूत बनेंगे।
आयोजन सचिव नीरज लुनायच के अनुसार, JAS 2025 में प्रतिदिन औसतन 5500 से अधिक आगंतुकों ने हिस्सा लिया। अमेरिका, जर्मनी, यूके, थाईलैंड, मध्य पूर्व और दक्षिण एशिया से आए प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। देशभर के प्रतिष्ठित रिटेलर्स और डीलर्स ने होस्टेड बायर्स प्रोग्राम के अंतर्गत सहभागिता की और नए व्यापारिक संबंध स्थापित किए। प्रदर्शकों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के बीच करोड़ों रुपये के व्यापारिक संवाद हुए, जिससे इस आयोजन की व्यावसायिक सफलता भी स्पष्ट हुई।
5 जुलाई को आयोजित ज्वेलरी एमिनेंस अवार्ड्स (JEA) 2025 इस शो का प्रमुख आकर्षण रहा। “Royale D’Art” थीम पर आधारित इस गाला नाइट में भारत की राजसी परंपरा और शिल्प कला को आधुनिक डिज़ाइन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। बॉलीवुड अभिनेत्री शहज़ान पदमसी की उपस्थिति ने इस शाम को और भी खास बना दिया।
ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष श्री आलोक सौंखिया ने सभी अतिथियों और प्रायोजकों का स्वागत करते हुए कहा:
“हम एक अत्यंत सुंदर व्यवसाय से जुड़े हैं, जहाँ हम प्राकृतिक और दुर्लभ रत्नों के साथ काम करते हैं। जयपुर का बाज़ार विश्व का सर्वश्रेष्ठ बाज़ार है — यहाँ की विविधता, कारीगरी और गुणवत्ता ने इसे अनूठी पहचान दी है।”
मानद सचिव नीरज लूणावत और संयोजक अशोक माहेश्वरी ने भी इस अवसर पर शो की सफलता और उद्योग की दिशा पर अपने विचार साझा किए।
इसी दिन राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने JEA गाला नाइट में विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने डिज़ाइन और नवाचार में उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया और ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जयपुर को “विश्व रत्न राजधानी” का दर्जा मिलना चाहिए, साथ ही उन्होंने महिलाओं को इस क्षेत्र में आगे आने का आह्वान भी किया। मुख्यमंत्री की यह उपस्थिति आयोजन के स्तर और राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोनों का सशक्त संकेत बनी।
6 जुलाई को शो के अंतिम दिन भी व्यापारिक गतिविधियां, नेटवर्किंग और नवाचार चर्चाएं जारी रहीं। भाजपा राजस्थान के अध्यक्ष श्री मदन राठौड़, जयपुर हैरिटेज की महापौर श्रीमती कुसुम यादव, और हवामहल क्षेत्र के विधायक श्री बालमुकुंद आचार्य ने शो में भाग लिया और विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर प्रदर्शकों से संवाद किया।
ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर की कार्यकारी समिति ने घोषणा की है कि अगला शो — JAS 2026 — आगामी वर्ष 3 से 5 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने सभी उद्योगजनों, प्रतिभागियों और खरीदारों से अपील की है कि वे इन तिथियों को अपने कैलेंडर में सुरक्षित रखें और इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनें।
आयोजन समिति में श्री आलोक सौंखिया (अध्यक्ष), श्री नीरज लूणावत (मानद सचिव), श्री राजू मंगोडीवाला (उपाध्यक्ष), श्री अशोक माहेश्वरी (संयोजक), श्री नरेश अग्रोया (सह-संयोजक व JEA कोऑर्डिनेटर), और श्री अजय गोधा (संयुक्त सचिव) शामिल रहे।
यह शो @jewellers_association_jaipur द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें AU स्मॉल फाइनेंस बैंक बैंकिंग पार्टनर रहा, RMC Gems सह-प्रायोजक, GJEPC India का समर्थन और Secure Global Logistics लॉजिस्टिक्स पार्टनर के रूप में जुड़े।

